श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया भगवान संभव नाथ का गर्भ कल्याणक महोत्सव
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर के सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा मंगलवार को तृतीय तीर्थंकर भगवान संभवनाथ का गर्भ कल्याणक दिवस पारंपरिक विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय जैन मंदिरों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने अभिषेक, सामूहिक शांतिधारा और विशेष पूजा-अर्चना कर देश व समाज की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। महोत्सव का मुख्य आयोजन श्री 1008 चंद्रप्रभु पंचायती दिगंबर जैन मंदिर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:15 बजे मंत्रोच्चार के बीच कलशाभिषेक के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान की विशेष शांतिधारा की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूजा-पाठ और आरती के बाद भगवान के चरणों में श्रद्धापूर्वक छत्र भेंट किए गए। वसुंधरा नगर विकास समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार पहाड़िया ने बताया कि इस पावन अवसर पर महिला मंडल द्वारा भगवान संभवनाथ की विशेष पूजा एवं विधान किया गया। महिलाओं ने मंगल गान के साथ समाज की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस धार्मिक अनुष्ठान में कमल कुमार पहाड़िया, प्रकाश डोसी, गिरीश जैन, नितेश जैन, विनीत जैन, योगेश पहाड़िया, विभौर जैन, अंशुल जैन, संदीप गोधा, सुशीला गोधा, मैनादेवी पहाड़िया, सरिता पहाड़िया, उषा पहाड़िया, मनु जैसवाल, रेखा पांड्या, अंजु पहाड़िया और मनीषा डोसी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


