अष्टम पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ; जिले में पोषण जागरूकता गतिविधियां शुरू
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित अष्टम पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ शुक्रवार को जिला कलक्टर कमर चौधरी द्वारा जिला कलेक्ट्रेट सभागार में पोस्टर विमोचन कर किया गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि भरतपुर जिले में 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को इस पखवाड़े के दौरान अधिकाधिक लाभान्वित किया जाए तथा आमजन को बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक किया जाए।
राजीविका जिला प्रबंधक भारती भारद्वाज ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत 9 से 23 अप्रैल तक गतिविधि आधारित कैलेंडर के अनुसार जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण (9 से 15 अप्रैल) के दौरान ग्राम संगठन एवं सीएलएफ स्तर पर पोषण संबंधी जागरूकता बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में टीबी बीमारी, मातृ एवं शिशु पोषण के महत्व तथा एनीमिया (खून की कमी) से संबंधित जानकारी दी जा रही है। साथ ही मोटे अनाज एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाकर उनके पोषण महत्व के बारे में भी अवगत कराया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित बैठकों में महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
द्वितीय चरण (16 से 21 अप्रैल) के अंतर्गत ग्राम संगठन एवं सीएलएफ स्तर पर महिलाओं एवं बच्चों के पोषण हेतु जागरूकता रैलियों का आयोजन किया जाएगा। रैलियों में पोस्टर एवं रंगोली के माध्यम से समुदाय को बच्चों के पोषण, आहार विविधता एवं टीबी जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही वीएचएसएनडी दिवस के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से बच्चों का वजन कर उनकी पोषण स्थिति (सामान्य, कुपोषित, अति कुपोषित) का मूल्यांकन किया जाएगा।
अंतिम चरण (22 से 23 अप्रैल) में जिले की समस्त गतिविधियों का संकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी तथा जनआंदोलन डैशबोर्ड पर नियमित रूप से प्रगति अपडेट की जाएगी। इस पखवाड़े के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं कुपोषण की समस्या को दूर करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सीईओ मृदुल सिंह, एसीईओ रेखा रानी, प्रशिक्षु आईएएस भानु शर्मा, उप निदेशक सिकरामाराम चोयल, सीएमएचओ गौरव कपूर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

