बैंक की कल्याणकारी योजनाओं के पोस्टरों का जिला कलक्टर ने किया विमोचन
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) बैंक कार्यक्षेत्र के कृषकों तथा आमजन के लिए बैंक द्वारा चलाई जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं यथा-साइबर धोखाधडी से सर्वाधिक सुरक्षित बैंक द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही लॉकर सुविधा एवं कृषि अथवा अकृषि ऋण एकमुश्त समाधान योजना के पोस्टरों का शुक्रवार को प्रशासक केन्द्रीय सहकारी बैंक भरतपुर एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी के द्वारा विमोचन किया गया।
प्रशासक एवं जिला कलक्टर द्वारा बैंक अधिकारियों से आमजन तक योजनाओं के लाभ की जानकारी पोस्टर के माध्यम से पहुंचाने हेतु की जा रही पहल की सराहना करते हुए आमजन से उक्त योजनाओं का भरपूर लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने ग्राम सेवा सहकारी समितियों की वित्तीय स्थिति को सुदृढ करने हेतु समिति व्यवस्थापकोें के माध्यम से ग्राम सेवा सहकारी समितियों में व्यवसाय विवधीकरण करने एवं सहकार से समृद्धि अन्तर्गत केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिये।
केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक नरेश शुक्ला ने बताया कि बैंक साइबर धोखाधडी से सर्वाधिक सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि बैंक में आज तक साइबर क्राइम से संबंधित कोई प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। बैंक में आमजन की जमाऐं पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। बैंक द्वारा आमजन की सुविधा हेतु अन्य बैंकों की तुलना में बहुत सस्ती दरों 800 रुपये वार्षिक में लॉकर सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि बैंक की सभी शाखाऐं सीबीएस पर कार्य कर रही हैं तथा सीसीटीवी की निगरानी में हैं। वर्तमान में बैंक के पास 3 करोड 50 लाख से अधिक खाते उपलब्ध हैं। बैंक द्वारा अशोध्य एवं संदिग्ध ऋण प्रकरणों को आसान शर्तों पर निपटाने या चुकाने का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। जिसके तहत पुराने अवधिपार एवं एनपीए ऋण धारकों को विशेष लाभ दिया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी अंजली सिनसिनवार, मुख्य प्रबंधक बैंक विकास कुमार जैन, तथा अन्य बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

