अंबेडकर जयंती की तैयारियों में जुटे भामाशाह: सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर विजय सिंह आर्य ने दिया 11 हजार का सहयोग
बहरोड़ (संजय बागड़ी) आगामी 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के भव्य आयोजन को लेकर बहरोड़ क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। जयंती समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए क्षेत्र के दानदाता और समाजसेवी अपनी स्वेच्छा से आर्थिक योगदान दे रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को मिशन अंबेडकर के आमंत्रण एवं जनसंपर्क दौरे के दौरान मेघवाल विकास समिति बहरोड़ के अध्यक्ष एवं सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर विजयसिंह आर्य (निवासी भीटेडा) ने अपनी मेहनत व ईमानदारी की कमाई से समारोह हेतु 11,000 रुपए की सहयोग राशि भेंट की। उनके इस सराहनीय योगदान को मिशन के सदस्यों ने समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
- तैयारियों में जुटा मिशन अंबेडकर
समिति के सदस्यों ने बताया कि बाबा साहेब की 135वीं जयंती को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। समाज के हर वर्ग से मिल रहे इस सहयोग और समर्थन से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। विजयसिंह आर्य द्वारा दी गई राशि स्वीकार करते हुए मिशन के सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मिशन अंबेडकर के प्रमुख कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय भीम प्रेमी उपस्थित रहे।

