घर में लगी आग, सामान जलकर खाक पड़ोसी ने बच्चों को बचाया
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के एनईबी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना उस समय हुई जब घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कमरे में रखा अधिकांश सामान उसकी चपेट में आ गया और जलकर राख हो गया।
घटना के समय घर में छोटे बच्चे मौजूद थे। आग की लपटें और धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सूझबूझ और बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया, वरना स्थिति गंभीर हो सकती थी। फायर की गाड़ी ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।
इस हादसे में पीड़ित परिवार का कलर टीवी सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने करीब 15 हजार रुपये के नुकसान की बात कही है। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है ।
फिलहाल आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है और प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की मांग की जा रही है।


