सरकारी कुएं की खुदाई बनी 'खतरे का गड्डा', नाली पाइप के नाम पर बड़ी लापरवाही उजागर; बिना सुरक्षा इंतजाम खुला छोड़ा गया गहरा गड्डा, हर पल हादसे का खतरा
खैरथल (हीरालाल भूरानी) नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रायपुर मेवान में एक सरकारी कुएं के पास की गई लापरवाही भरी खुदाई अब गंभीर खतरे का कारण बन गई है। नाली का गंदा पनी कुएं तक पहुंचाने के लिए पाइप लाइन डालने के नाम पर ठेकेदार द्वारा गहरा गड्डा खोद दिया गया, लेकिन कार्य अधूरा छोड़कर उसे बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़ दिया गया है। यह गड्डा अब 'खतरे का गड्डा' बनकर आमजन और पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार सलीम द्वारा कराए गए इस कार्य में पूरी तरह लापरवाही बरती गई है। खुदाई के बाद न तो गड्ढे को ढका गया और न ही उसके आसपास बैरिकेडिंग, रस्सी या चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। मौके की स्थिति इतनी खराब है कि दूर से गड्डा स्पष्ट दिखाई भी नहीं देता, जिससे किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सरकारी कुआं वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में रहा है और इसके आसपास दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। बच्चे खेलने और राहगीर रोजाना इस मार्ग से गुजरते हैं।ऐसे में इस प्रकार का खुला गड्ढा सीधे तौर पर जनजीवन को खतरे में डाल रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में पशुओं आवाजाही अधिक रहती है, जिससे उनके गिरने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। खासकर रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है,जब अंधेरे के कारण गड्ढा नजर नहीं आता। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कोई बड़ा हादसा होना तय है।
ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, नगर परिषद पहुंचा मामला
मामले से नाराज ग्रामीणों ने समाजसेवी रोशन यादव के नेतृत्व में खैरथल नगर परिषद पहुंचकर एईएन को शिकायत पत्र सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यह लापरवाही प्रशासन की अनदेखी को दर्शाती है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित ठेकेदार की होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल मौके का निरीक्षण कर गड्ढे को भरवाने या उसे सुरक्षित करने के लिए पुख्ता इंतजाम करे। साथ ही लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जाएं।
जन सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा, कार्रवाई की दरकार
ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक निर्माण कार्य में हुई चूक नहीं, बल्कि जन सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। इस तरह की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि समय रहते कदम उठाना ही समझदारी होगी।


