नीमकाथाना में उमड़ा आस्था का जनसैलाब: 13,751 हस्ताक्षरों के साथ गौ माता को 'राष्ट्र माता' घोषित करने की उठी बुलंद मांग
नीमकाथाना (सुमेर सिंह राव)। गौ माता के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन हेतु सोमवार को नीमकाथाना में 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' के तहत एक विराट संगम देखने को मिला। संतों के सानिध्य और हजारों गौ भक्तों की उपस्थिति में निकली भव्य रैली ने समूचे शहर को 'गौ माता के जयकारों' से गुंजायमान कर दिया।
प्रातः 9 बजे रामलीला मैदान से आरंभ हुई यह भव्य रैली अनुशासन और श्रद्धा के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय पहुँची। यहाँ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के साथ 13,751 आम नागरिकों के हस्ताक्षर युक्त प्रपत्र भी संलग्न किए गए, जो इस मांग के प्रति जन-समर्थन की गहराई को दर्शाते हैं। ज्ञापन कि प्रमुख मांगें:-
-
गौ माता को अविलंब ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिया जाए।
-
संपूर्ण भारत में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध हेतु कठोर कानून बने।
-
गौ सेवा और संरक्षण के लिए पृथक मंत्रालय की स्थापना की जाए।
इस विराट अभियान का नेतृत्व संत श्री श्री 108 माधव दास जी महाराज (नरसिंहपुरी), श्री श्री 1008 अवध बिहारी दास जी महाराज (घुघड़ी धाम), महंत सत्यनारायण दास जी (राम मंदिर) एवं प्रसिद्ध कथावाचक रणवीर भाई ने किया। सेवानिवृत्त तहसीलदार गजानंद लाटा (प्रदेश अध्यक्ष, भगवान परशुराम राष्ट्रीय पण्डित परिषद ट्रस्ट) ने संरक्षक के रूप में अभियान को मार्गदर्शन प्रदान किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति की आत्मा है और उसे राष्ट्रीय सम्मान मिलना ही चाहिए।
रैली के दौरान मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों और शहरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर गौ भक्तों का अभिनंदन किया गया। इस दौरान सुरक्षा और सेवा के पुख्ता इंतजाम रहे।
इस अवसर पर दौलत राम गोयल (अध्यक्ष, नीमकाथाना गोपाल गौशाला), मनोज बंसिया (विहिप प्रमुख), विजय शर्मा, मनोज गुप्ता, प्रखर गौ सेवक पंकज भारद्वाज, वीरांगना कविता समोता, मंजू कुमावत, विष्णु सोनी, शेखर सिंह, संजय शास्त्री और जेपी शर्मा सहित विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि, विहिप, बजरंग दल के कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में सनातन धर्म प्रेमी मौजूद रहे।


