खेड़ली में बड़ा हादसा टला: स्कूली वैन में लगी भीषण आग, स्थानीय लोगों ने देवदूत बनकर बचाई 15 बच्चों की जान
खेड़ली (दिनेश लेखी) कस्बे के शेरावाली चौराहा के समीप मंगलवार दोपहर एक स्कूली वैन में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई। वैन में सवार 15 स्कूली बच्चों की जान उस वक्त खतरे में पड़ गई जब वाहन धू-धू कर जलने लगा। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की त्वरित सूझबूझ और साहस से एक बड़ी जनहानि होने से टल गई।
- डैशबोर्ड से उठी लपटें, बच्चों में मचा हड़कंप:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजलि पैलेस स्थित राधाकृष्णन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्राइवेट वैन दोपहर करीब 12 बजे बच्चों को छुट्टी के बाद घर छोड़ने जा रही थी। वैन चालक मुकेश मीणा जब गाड़ी लेकर शेरावाली चौराहा के पास राजेश लौहिया की दुकान के समीप पहुँचा, तभी डैशबोर्ड की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से वैन से धुआँ और लपटें निकलने लगीं। वैन के भीतर धुआँ भरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
- स्थानीय नागरिक बने रक्षक:
हादसे को देख आसपास मौजूद लोग तुरंत वैन की ओर दौड़े। स्थानीय निवासी राजू और जमनालाल सैनी सहित अन्य युवाओं ने अपनी जान की परवाह न करते हुए जलती वैन के दरवाजे खोले और एक-एक कर सभी 15 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने के बाद ग्रामीणों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
- प्रशासनिक सतर्कता की दरकार:
इस घटना ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की सुरक्षा और उनके मेंटेनेंस पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सहित सूओ मोटों के आदेशो कि पालना दिखी, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि स्थानीय लोग समय पर सक्रिय नहीं होते, तो परिणाम भयावह हो सकते थे। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित हैं और अपने परिजनों के पास पहुँच चुके हैं।


