ग्राम रथ अभियान के तहत ग्राम पंचायत मौरोली कलां में योजनाओं दी जानकारी
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को पंचायत समिति सेवर की ग्राम पंचायत मौरोली कलां में ग्राम रथ के माध्यम से 13 विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही समाधान किया। शिविर के दौरान स्वामित्व योजना के अंतर्गत लाभार्थी ननिगा निवासी मोरोली खुर्द को पट्टा वितरित किया गया। ग्राम रथ अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और योजनाओं का लाभ उठाया। सेवर विकास अधिकारी विनय मित्र सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सफलता की कहानी-लाभार्थी की जुबानी-
लाभार्थी ननिगा ने बताया कि उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत पट्टे के लिए आवेदन किया था, जो आज ग्राम रथ अभियान के माध्यम से उन्हें प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पट्टा मिलने से अब उन्हें बैंक से ऋण लेने में सुविधा होगी, क्योंकि पहले ऋण के लिए भूमि के स्वामित्व दस्तावेज की आवश्यकता होती थी। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी भूमि का मालिकाना हक मिल गया है और वे भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ भी आसानी से ले सकेंगे। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।


