सरकारी खरीद में पारदर्शिता लाने हेतु GeM पोर्टल का जिला स्तरीय प्रशिक्षण 1 मई को होगा आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)सरकारी खरीद प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से होने वाली क्रय प्रक्रिया को समझाने हेतु आगामी 1 मई, शुक्रवार को जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कोषालय सभागार में होगी कार्यशाला
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित कोषालय सभागार में प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ होगा। इसमें जिले के विभिन्न सरकारी विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDOs) और खरीद से संबंधित कार्मिकों को पोर्टल की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सरकारी विभागों में होने वाली खरीद को बिचौलियों से मुक्त और पारदर्शी बनाना, ई-मार्केटप्लेस के माध्यम से खरीद की प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाना ताकि समय की बचत हो सके, प्रशिक्षण के दौरान GeM पोर्टल पर पंजीकरण, बिडिंग (Bidding), रिवर्स ऑक्शन और सीधे क्रय करने संबंधी तकनीकी नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि भविष्य में सरकारी खरीद में होने वाली तकनीकी त्रुटियों को कम किया जा सके और सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित हो।


