लालच और डर—ठगी के दो बड़े हथियार: डिजिटल सुरक्षा को लेकर बावड़ी पंचायत समिति सभागार में हुआ बड़ा जागरूकता कार्यक्रम
बावड़ी (जोधपुर) - मिश्रीलाल लखारा
पुलिस मुख्यालय राजस्थान द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ अभियान के तहत पुलिस थाना खेड़ापा के अंतर्गत पंचायत समिति सभागार बावड़ी में एक भव्य साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का समापन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम जोधपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी बावड़ी जवाहर चौधरी, सीओ भोपालगढ़ गुलाबाराम, आरपीएस जीवनलाल खत्री, थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़, और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता टीम से पुखराज व दयाल सिंह सहित पूरी साइबर टीम विशेष रूप से मौजूद रही।
समारोह में प्रबुद्ध एवं मौजीज नागरिक, सीएलजी सदस्य, वाई-सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय पत्रकार बंधु भी उपस्थित रहे। आसूचना अधिकारी महिपाल ग्वाला ने बताया कि इस बैठक के दौरान आमजन को साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए गए, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर सक्रिय भागीदारी निभाई।
लालच और डर—ठगी के दो बड़े हथियार
कार्यक्रम के दौरान साइबर विशेषज्ञों ने आमजन को जागरूक करते हुए बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराधी ठगी के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठगी के मुख्य रूप से दो ही हथियार होते हैं—'लालच' या 'डर'। यदि व्यक्ति इन दोनों के जाल में न फंसे और किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर आंख मूंदकर भरोसा न करे, तो वह बड़ी आसानी से साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकता है। विशेषज्ञों ने ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड किसी के साथ भी साझा न करने की सख्त हिदायत दी।
फेक न्यूज और सोशल मीडिया से रहें सावधान
विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और फेक न्यूज से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया। विद्यार्थियों से भी अपील की गई कि वे अपने परिवार और आस-पड़ोस के लोगों को साइबर सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करें ताकि एक सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण हो सके। अधिकारियों ने याद दिलाया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।
जागरूक नागरिकों और सहयोगियों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में साइबर सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले और जागरूकता फैलाने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान बावड़ी प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार मिश्रीलाल लखारा, बावड़ी पत्रकार धनराज सेवाग (सोयला) और गौतम प्रजापत सहित कई गणमान्य नागरिकों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) देकर सम्मानित किया गया।

