चौरीचौरा में कृभको का बीज प्रोन्नत कार्यक्रम सम्पन्न, रबी फसल के लिए उन्नत बीज की दी गई जानकारी
चौरी-चौरा (गोरखपुर/ शशि जायसवाल) कृषक भारती कोआपरेटिव लिमिटेड (कृभको) क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर के तत्वावधान में गुरुवार को चौरी-चौरा स्थित कृभको सेवा केंद्र पर संयुक्त किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान बीज प्रोन्नत कार्यक्रम, 'पीएम प्रणाम' किसान संगोष्ठी एवं 'उर्वरक की पाठशाला' के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती और संतुलित उर्वरक प्रयोग की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) बेलीपार के वैज्ञानिक शिवेंद्र प्रताप ने किसानों को रबी की आगामी फसलों, विशेषकर गेहूं के उन्नत व प्रमाणित बीजों के चयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी पैदावार के लिए समय से बुआई और मृदा परीक्षण बेहद जरूरी है। किसान पहले अपने खेत की मिट्टी की जांच कराएं, उसके बाद ही आवश्यकतानुसार संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करें।
कृभको के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक सिंह ने किसानों को एफओएम, जिंक, प्राकृतिक पोटाश, राइजोसुपर तथा तरल जैव उर्वरकों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि संस्थान किसानों की आय बढ़ाने और मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए लगातार जागरूकता अभियान व मृदा परीक्षण कार्यक्रम चला रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर कृभको सेवा केंद्र प्रभारी अजय त्रिपाठी, छवैला के ग्राम प्रधान राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे। अंत में कृभको प्रतिनिधियों द्वारा सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

