श्याम रंग में रंगा बोरावड़, 211 भक्तों का जत्था खाटूधाम रवाना:गाजे-बाजे के साथ निकली श्री श्याम मित्र मंडल की 30वीं पैदल यात्रा
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। बाबा श्याम की अनन्य भक्ति और आस्था के बीच शनिवार को बोरावड़ की धरा पूरी तरह श्याममय हो उठी। श्री श्याम मित्र मंडल बोरावड़-मकराना के तत्वावधान में आयोजित 30वीं बोरावड़-मकराना से खाटूश्यामजी पैदल यात्रा का शनिवार दोपहर भव्य शुभारंभ हुआ। स्वर्णकार मोहल्ला स्थित श्री श्याम मंदिर से 211 श्रद्धालुओं का जत्था गाजे-बाजे और भक्ति के जयघोष के बीच खाटूधाम के लिए रवाना हुआ।
यात्रा की रवानगी से पूर्व आचार्य पंडित विमल पारीक के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना एवं सामूहिक पूजन संपन्न कराया गया। तत्पश्चात बाबा श्याम की प्रतिमा को आकर्षक बग्गी में विराजमान किया गया। धवल पोशाक व पीतांबर धारण किए श्रद्धालु हाथों में पीली पताकाएं लिए ‘जय श्री श्याम’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। सदर बाजार, व्यास चौक, नया बाजार, बोरावड़-मकराना रोड एवं बाईपास पर जगह-जगह विभिन्न संगठनों और शहरवासियों द्वारा पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।
यह रहेगा यात्रा का पूरा मार्ग व विश्राम शेड्यूल:
-
पहला दिन (19 सितंबर): यात्रा का पहला रात्रि विश्राम गौशाला मंगलाना में रहेगा।
-
दूसरा दिन (20 सितंबर): मंगलाना से रवाना होकर कांसेडा स्कूल में दोपहर विश्राम के बाद शाम को भैरुजी मंदिर, मारोठ पहुंचेगी।
-
तीसरा दिन (21 सितंबर): मारोठ से प्रस्थान कर श्यामगढ़ स्कूल में दोपहर विश्राम के बाद रामगढ़ स्थित टैगोर कॉलेज में रात्रि विश्राम होगा।
-
चौथा दिन (22 सितंबर): रामगढ़ से रवाना होकर शेखावाटी कॉलेज (बॉय) में दोपहर विश्राम के बाद यात्री खाटूश्यामजी पहुंचेंगे तथा सीकर धर्मशाला से पहले पार्किंग स्थल पर रात्रि विश्राम करेंगे।
-
पांचवां दिन (23 सितंबर): खाटूधाम में बाबा श्याम को सामूहिक रूप से भोग-प्रसाद अर्पित कर श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद दोपहर बाद बसों द्वारा श्रद्धालुओं की बोरावड़-मकराना के लिए वापसी होगी।
ये रहे उपस्थित: इस अवसर पर श्याम सुंदर अग्रवाल, शांति स्वरूप सोनी, अशोक मौर, ओम प्रकाश झंवर, मनोज अग्रवाल, नौरतमल सैनी, प्रेम चंद सोनी, गोविंद सिंह चौहान, विकास प्रजापत, मुरली सैनी, पूर्व पार्षद प्रकाश सोनगरा, कैलाश गेलड़ा, रवि व्यास, विजय कुमार सोनी, विनीत मुच्छाल, जुगल किशोर अग्रवाल, मदन मोहन सोनी, तेज नारायण सोनी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

