लक्ष्मणगढ़:बाप ने बेची जमीन, 3 बेटों को दिया हिस्सा, हक मांगने पर दो बेटों को लाठियों से पीटकर पहुंचाया अस्पताल
लक्ष्मणगढ़ / अलवर
थाना क्षेत्र के हरसाना गांव में शनिवार सुबह जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के लोग आपस में भिड़ गए। पिता और तीन सगे भाइयों ने मिलकर दो बेटों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लहूलुहान हालत में अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठियां भांजते नजर आ रहे हैं।
मकान के ताले तोड़े, बीच-बचाव करने आई महिलाओं को भी पीटा
पीड़ित पक्ष की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, हरसाना निवासी मौजा के पांच बेटे हैं। मौजा की बहू ने आरोप लगाया कि उसके ससुर ने अपनी पूरी जमीन बेचने का सौदा कर दिया है। जमीन बेचने के बाद मौजा ने अपने पांच में से तीन बेटों को तो हिस्सा दे दिया, लेकिन दो बेटों को पूरी तरह बेदखल करते हुए कुछ नहीं दिया। इसी बात को लेकर शनिवार सुबह करीब 7 बजे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
हमलावरों ने पीड़ित पक्ष के मकान के ताले भी तोड़ दिए। इस हमले में मौजा के बेटे मुस्ताक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वहीं दूसरे भाई सेकूल को भी चोटें आई हैं। आरोप है कि हमला करने वालों में पिता मौजा, भाई शौकीन, हसीना, नुसरत और परिवार के अन्य लोग शामिल थे। जब बीच-बचाव करने वसीमा और जानिस्ता आगे आईं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठी-डंडों से उनकी भी पिटाई कर दी।
एक घायल की हालत नाजुक, अलवर रेफर
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत लक्ष्मणगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने मुस्ताक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहाँ उसका इलाज जारी है। वहीं अन्य घायलों का उपचार लक्ष्मणगढ़ अस्पताल में चल रहा है।


