पुर उपनगर में दहला देने वाली वारदात: शौच के लिए निकली महिला पर धारदार हथियार से हमला, जेवर काटकर बदमाश फरार
पुर/भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल)
भीलवाड़ा के उपनगर पुर के चुंगी नाका क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। शौच के लिए घर से बाहर निकली महिला को अज्ञात बदमाश ने अपना निशाना बनाया और उसके सोने के जेवर काटकर ले गया। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
घात लगाकर किया गया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुंगी नाका निवासी कमला जाट पत्नी श्यामलाल जाट बुधवार सुबह नियमित रूप से घर से बाहर शौच के लिए निकली थीं। शाकंभरी माता मंदिर के पास पहले से घात लगाकर बैठे एक अज्ञात हमलावर ने महिला की नाक और चेहरे पर धारदार हथियार से अचानक हमला कर दिया। इस गंभीर हमले से महिला बुरी तरह घायल होकर अचेत हो गई।
नाक व गाल पर आए 10 टांके
परिजनों ने बताया कि हमले में महिला की नाक और गाल पर गहरे घाव आए हैं। डॉक्टरों द्वारा उनकी नाक पर 5 और गाल पर 5 यानी कुल 10 टांके लगाए गए हैं। बेरहम बदमाश महिला के गले से सोने की रामनामी और मादलिया काटकर चुरा ले गया। गंभीर हालत में घायल महिला को तुरंत भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल महिला सदमे में होने के कारण बोलने की स्थिति में नहीं है।
बढ़ती वारदातों से लोगों में आक्रोश, पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि चुंगी नाका और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी चोरी और आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस की ढिलाई और गश्त के अभाव में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करे और आरोपियों को गिरफ्तार करे। साथ ही, सुबह-शाम महिलाओं और आमजन की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की गई है।

