कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने जीनगर का दुपट्टा पहनाकर किया स्वागत; पार्टी के प्रति समर्पण की चारों तरफ हो रही चर्चा
तखतगढ़ (बरकत खा)
तखतगढ़ नगरपालिका निकाय चुनावों के दौरान टिकट वितरण को लेकर मुख्य राजनीतिक दलों (कांग्रेस और भाजपा) में काफी फेरबदल और खींचतान देखने को मिली थी। टिकट कटने के कारण कई वरिष्ठ और युवा नेताओं ने बगावत कर निर्दलीय चुनावी मैदान में पर्चा भरा, जिससे कई वार्डों में मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय हो गया था।
इसी कड़ी में वार्ड नंबर 10 से टिकट न मिलने के बावजूद रामचंद्र जीनगर ने पीछे न हटने का फैसला किया और एक स्वतंत्र (निर्दलीय) उम्मीदवार के रूप में मैदान में डटे रहे। क्षेत्र के विकास की सकारात्मक सोच और जनता के मुद्दों को लेकर उनका मनोबल शुरू से ही बेहद मजबूत रहा। टिकट कटने के बावजूद वार्डवासियों और समर्थकों से मिले भरपूर हौसले और समर्थन के दम पर उन्होंने पूरी ताकत से चुनाव लड़ते हुए वार्ड नंबर 10 में शानदार जीत हासिल की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया सम्मानित
चुनाव के दौरान टिकट न मिलने और बगावत के बावजूद रामचंद्र जीनगर का पार्टी और संगठन के प्रति समर्पण स्थानीय राजनीतिक हलकों में खासी चर्चा का विषय बना हुआ है। उनकी इसी निष्ठा और भूमिका को सराहते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर उनका अभिनंदन किया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के कड़े मुकाबलों में जनसमर्थन और जुझारूपन ही प्रत्याशियों की असली ताकत बनता है।

