खैरथल-तिजारा जिला: 57.45 करोड़ रुपये की लागत से संवरेंगी ग्रामीण और शहरी सड़कें, कुल 86 विकास कार्यों को स्वीकृति
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
खैरथल-तिजारा जिले में सड़क तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। बजट घोषणा 2026-27 के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा जिले में 57.45 करोड़ रुपये की लागत के कुल 86 सड़क विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन स्वीकृत विकास कार्यों में से 14 महत्वपूर्ण कार्यों के लिए लगभग 19.50 करोड़ रुपये की लागत से निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और संबंधित फर्मों को कार्यादेश (Work Order) भी जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही, शेष 70 सड़क विकास कार्यों (जिनकी अनुमानित लागत 33.32 करोड़ रुपये है) के लिए निविदा प्रक्रिया वर्तमान में प्रचलन में है, जिनकी निविदाएं आमंत्रित कर आगामी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
सुगम होगा आवागमन, विकास को मिलेगी गति
इन नए सड़क विकास कार्यों के पूर्ण हो जाने से जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आमजन का आवागमन सुगम हो जाएगा और क्षेत्र की परिवहन कनेक्टिविटी को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी। स्थानीय नागरिकों को उच्च श्रेणी की सड़क सुविधाएं मिलने से क्षेत्र के चहुंमुखी विकास को भी एक नई गति प्राप्त होगी।

