'44 साल, एक ही कुर्सी और दो पीढ़ियां': माउंट आबू DSP दफ्तर के ऑनर बोर्ड पर दर्ज हुआ दादा-पोते का अनोखा संयोग
माउंट आबू (सिरोही) बरकत खा : राजस्थान के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू से खाकी और पारिवारिक विरासत का एक बेहद खूबसूरत व भावुक कर देने वाला संयोग सामने आया है। यहाँ पुलिस उपाधीक्षक (DSP) कार्यालय के ऑनर बोर्ड पर दर्ज क्रम संख्या 8 और क्रम संख्या 41 की नेमप्लेट 44 साल के एक लंबे अंतराल के बाद एक अनूठी कहानी बयां कर रही हैं।
दरअसल, वर्ष 1981-82 में पुलिस अधिकारी रघुनाथ सिंह माउंट आबू में DSP के पद पर तैनात रहे थे। उस समय दफ्तर के ऑनर बोर्ड पर क्रम संख्या 8 पर उनका नाम दर्ज किया गया था। अब ठीक 44 साल बाद नियति ने ऐसा मोड़ लिया कि उनके पोते जितेंद्र सिंह राठौड़ का तबादला उसी दफ्तर में बतौर DSP हुआ है। जब पोते जितेंद्र सिंह ने दफ्तर में कार्यभार संभाला और ऑनर बोर्ड को देखा, तो क्रम संख्या 41 पर उनका अपना नाम अंकित हुआ।
एक ही दफ्तर, एक ही पद, वही सेवा का जज्बा और दो पीढ़ियों का यह अद्भुत मेल अब पुलिस महकमे के साथ-साथ आम जनता और सोशल मीडिया पर भी खासी चर्चा और कौतूहल का विषय बना हुआ है। लोग इसे खाकी के प्रति निष्ठा और पारिवारिक परंपरा का एक मिसाली संयोग बता रहे हैं।

