कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में गूंजा पंचायती राज चुनावों का नारा, सर्वे के आधार पर होगा टिकट वितरण
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
आगामी जिला परिषद एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर कोटकासिम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक स्थानीय विधायक दीपचंद खैरिया के नेतृत्व में आयोजित हुई। विधायक के निजी सहायक सुनील कान्त गोल्डी ने बताया कि बैठक के दौरान क्षेत्र से जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए आवेदन करने वाले संभावित अभ्यर्थियों के बायोडाटा भी प्राप्त किए गए।
किशनगढ़ बास विधानसभा प्रभारी देव कसाना और विधायक दीपचंद खैरिया के आह्वाहन पर आयोजित इस बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में शिरकत की। बैठक को पीसीसी महासचिव अजीत यादव, प्रधान बद्री प्रसाद सुमन, कोटकासिम ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामप्रसाद गुर्जर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष व कोटकासिम प्रधान डॉ. विनोद कुमारी सांगवान, किसान नेता जसवंत यादव, एडवोकेट वीरनारायण यादव और खैरथल अनाजमंडी समिति के अध्यक्ष व पार्षद सर्वेश गुप्ता ने भी संबोधित किया।
टिकट वितरण को लेकर स्पष्ट संदेश
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक दीपचंद खैरिया ने दो टूक कहा कि चुनाव में टिकट उसी उम्मीदवार को मिलेगा जो 'जिताऊ, टिकाऊ और बिकाऊ' न हो। कई कमेटियों के माध्यम से सर्वे करवाकर पारदर्शी तरीके से टिकटों का वितरण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट मिलने के बाद सभी कार्यकर्ता व्यक्तिगत मतभेद भुलाकर पार्टी हित में पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरें।
भाजपा पर साधा निशाना, जीत का किया दावा
विधानसभा प्रभारी देव कसाना ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि खैरथल नगर परिषद चुनाव में जनता का समर्थन कांग्रेस के पक्ष में होने के बावजूद भाजपा ने तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाकर अपना बोर्ड बनाया था। लेकिन इस बार पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत और एकजुटता से मुकाबला करेंगे तथा दोनों पंचायत समितियों के साथ-साथ जिला प्रमुख का पद भी कांग्रेस पार्टी की झोली में डालेंगे।
इस अवसर पर कोटकासिम शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंदू सैनी, महेंद्र चौधरी, राजू चौधरी, कुलदीप ग्वाला, सतीश यादव, नवीन खैरिया, दीपक चौधरी, बंटी जोशी, शीश राम झाड़का, राजेश तंवर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

