पंचायती राज चुनाव: खैरथल में भाजपा की विशेष बैठक आयोजित, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठक स्थानीय मातोर रोड स्थित सुन्दरम गार्डन, खैरथल में आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से संगठन को ग्राम एवं बूथ स्तर तक अधिक मजबूत करने और चुनावी रणनीतियों पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक चर्चा की गई।
दिग्गज नेताओं की रही गरिमामयी मौजूदगी
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रभारी श्री संजय भाटिया, संभाग सह प्रभारी विजेंद्र पूनिया, पंचायती राज चुनाव प्रभारी राजेंद्र पराना, जिला प्रभारी अशोक सैनी, सह प्रभारी गौरव यादव, पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, पूर्व विधायक मंजीत चौधरी और संयोजक रामकिशन मेघवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही पार्टी के तमाम प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बूथ स्तर पर मजबूती और एकजुटता का आह्वान
बैठक के दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और पूरी एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। साथ ही, पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री श्री पवन यादव द्वारा किया गया।

