महुआ: नगर पालिका परिसर में आयोजित हुआ सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, 135 स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की हुई जांच
महुआ (अवधेश अवस्थी)
'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के अंतर्गत बुधवार को नगर पालिका महुवा के कार्यालय परिसर में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक विशेष 'सफाई मित्र सुरक्षा शिविर' का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान नगर पालिका के समस्त स्वच्छता कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा किया गया। इसमें मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर की जांच की गई। जांचोपरांत चिकित्सकों द्वारा सभी सफाई मित्रों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श और उचित उपचार उपलब्ध कराया गया। इस शिविर में कुल 135 सफाई मित्रों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
चिकित्सकीय टीम की सक्रिय मौजूदगी
शिविर में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर (पटवार घर के पास, महुआ) की चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. मयंक शर्मा, नर्सिंग ऑफिसर धर्मेंद्र कुमार मीणा और एएनएम (ANM) श्रीमती तारा बाई शामिल रहीं, जिन्होंने पूरी तन्मयता से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
सफाई मित्र हमारे शहर की रीढ़: कनिष्ठ अभियंता
इस अवसर पर नगर पालिका कनिष्ठ अभियंता पृथ्वीराज गुर्जर ने कहा कि "सफाई मित्र हमारे शहर की स्वच्छता व्यवस्था की असली रीढ़ हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुरक्षित रखना पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।" उन्होंने आश्वासन दिया कि सफाई कर्मियों के हित में ऐसे शिविर भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी राजेश मीणा, हेमराज और सफाई निरीक्षक रामलखन गुर्जर सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

