जोधपुर के सोयला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरजा जेसीबी का पीला पंजा; सड़क के दोनों ओर से हटाए गए अवैध अतिक्रमण

Sep 29, 2026 - 19:50
 0
जोधपुर के सोयला में राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरजा जेसीबी का पीला पंजा; सड़क के दोनों ओर से हटाए गए अवैध अतिक्रमण

सोयला / बावड़ी (मिश्रीलाल लखारा)

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-62 के नागौर-जोधपुर सेक्शन में फोरलेन चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए मंगलवार को ग्राम सोयला में बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से जेसीबी की सहायता से सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की गई, जो देर शाम तक लगातार जारी रही।

नोटिस के बाद विभाग ने की सख्त कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब डेढ़ महीने पहले ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर दिए गए थे। पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियंता अनिल घोलिया के निर्देश पर ग्राम पंचायत के माध्यम से जारी इन नोटिसों में सड़क सीमा (रोड मार्जिन) में किए गए सभी कच्चे-पक्के निर्माण और चबूतरों को खुद हटाने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस मिलने के बाद कई जागरूक व्यापारियों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर ही अतिक्रमण हटा लिए थे, जो निर्माण शेष रह गए थे, उन्हें मंगलवार को विभाग ने बलपूर्वक हटा दिया।

सीमांकन के बाद हटाया गया मलबा

अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई से पहले ग्रामीणों और व्यापारियों ने सड़क सीमा का विधिवत सीमांकन कराने की मांग की थी। जनता की मांग को देखते हुए विभाग ने पहले मौके पर सीमांकन करवाकर सड़क सीमा को पूरी तरह स्पष्ट किया। सीमांकन स्पष्ट होने के बाद मंगलवार को जेसीबी मशीनें मैदान में उतरीं और सड़क सीमा की हद में आ रही दुकानों के आगे बने चबूतरों व अन्य निर्माणों को जमींदोज करना शुरू कर दिया। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................