भरतपुर: जिला कलक्टर कमर चौधरी ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर चखा मिड डे मील, परखी भोजन की गुणवत्ता
भरतपुर (30 सितंबर) कोशलेन्द्र दत्तात्रेय
राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे दो दिवसीय मिड डे मील योजना के सघन निरीक्षण अभियान के तहत जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बुधवार को राजकीय विशिष्ट उच्च माध्यमिक मांटेसरी विद्यालय, किला भरतपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद विद्यार्थियों के बीच बैठकर भोजन की गुणवत्ता परखी और बच्चों से सीधे संवाद कर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने रसोई का जायजा लिया और तैयार की गई दाल, चावल व सब्जी की शुद्धता का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि बर्तनों, रसोई घर और पोषाहार सामग्री की साफ-सफाई व शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
बच्चों से पूछा मनपसंद व्यंजन का नाम
जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें विद्यालय में मिलने वाला भोजन कैसा लगता है और निर्धारित मीनू के अनुसार उन्हें कौन-सा व्यंजन सबसे अधिक पसंद है। इस पर बच्चों ने उत्साह से बताया कि उन्हें खिचड़ी सबसे अधिक पसंद है। कलक्टर ने योजना के तहत नियमित रूप से फल वितरण की जानकारी ली और विद्यार्थियों को ताजे व पौष्टिक फल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शैक्षणिक व्यवस्थाओं और साफ-सफाई पर जोर
भोजन परीक्षण के बाद जिला कलक्टर ने विद्यालय के कक्षा-कक्षों और भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने भवन की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव के निर्देश दिए। विभिन्न कक्षाओं में जाकर उन्होंने बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल में पढ़ाई गई बातों को घर जाकर दोहराने की सीख दी। साथ ही, राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही खेल सामग्री और अन्य सुविधाओं का भरपूर लाभ विद्यार्थियों तक पहुँचाने पर जोर दिया।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चतुर्वेदी, कार्यवाहक प्रधानाचार्य सतवीरी सिंह और पोषाहार प्रभारी विनोद कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

