राजगढ़ वेलफेयर सोसाइटी की अनूठी पहल: ऐतिहासिक कुंड के जीर्णोद्धार के लिए आयोजित हुई जनबैठक, 2 अक्टूबर से होगा कार्यारंभ
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता
कस्बे की प्राचीन एवं ऐतिहासिक धरोहरों को संजोने और उन्हें दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में राजगढ़ के जागरूक नागरिकों ने एक सराहनीय पहल की है। राजगढ़ के ऐतिहासिक कुंड के कायाकल्प, जीर्णोद्धार और इसे एक प्रमुख पर्यटन/भ्रमण स्थल बनाने के उद्देश्य से कुंड परिसर में नागरिकों की एक विशाल सार्वजनिक बैठक आयोजित की गई।
'कुंड जीर्णोद्धार समिति' का गठन, 2 अक्टूबर से शुरू होगा काम
राजगढ़ वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि सोसायटी ने इस पुनीत कार्य की शुरुआत एक सूत्रधार के रूप में की है। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से 'कुंड जीर्णोद्धार समिति' का गठन किया गया, जो इस पूरे जीर्णोद्धार और विकास कार्य की कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाएगी। निर्णय लिया गया कि जीर्णोद्धार का कार्य आने वाली गांधी जयंती (2 अक्टूबर) को प्रातः 8 से 10 बजे के बीच श्रमदान कर शुरू किया जाएगा। इसके उपरांत प्रत्येक रविवार को सुबह 8 से 10 बजे तक नियमित रूप से नागरिक श्रमदान करेंगे।
सर्वसमाज ने लिया भरपूर सहयोग का संकल्प
बैठक में सर्वसमाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विशेषकर कुंड के आसपास के निवासियों और स्थानीय नागरिकों ने इस अभियान में शारीरिक, मानसिक और वित्तीय रूप से पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी उपस्थित लोगों ने राजगढ़ के विकास और जनहित के लिए समर्पित समस्त नागरिकों से इस ऐतिहासिक धरोहर को सहेजने के लिए आगे आने और सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन किशोर मुखर्जी ने किया। बैठक के अंत में सभी नागरिकों ने एकजुट होकर राजगढ़ के इस ऐतिहासिक कुंड को नया जीवन देने का संकल्प लिया।

