संदीप गौड़ ने संभाला डीग जिला रसद अधिकारी का पदभार; सार्वजनिक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने के दिए निर्देश
डीग (नीरज जैन) नवनियुक्त जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़ ने गुरुवार को विधिवत रूप से डीग जिले के जिला रसद अधिकारी (District Supply Officer) का पदभार संभाल लिया है।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद नवागत जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़ ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रवर्तन अधिकारी अर्पित अग्रवाल से जिले में संचालित निशुल्क राशन वितरण व्यवस्था, रसोई गैस (LPG) तथा अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। समीक्षा के दौरान गौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़ी राशन वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, सुदृढ़ और बेहतर बनाया जाए ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुगमता से पहुंच सके।
- राशन डीलर संघ ने किया भव्य स्वागत:
संदीप गौड़ के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर राशन डीलर संघ जिला डीग के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष देशराज सिनसिनी के नेतृत्व में उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। संघ के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त जिला रसद अधिकारी का माला पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर नरेंद्र सिनसिनी, डीग ब्लॉक अध्यक्ष रामजीत पटेल, जिला कोषाध्यक्ष योगेश गोयल सहित बिजेंद्र सिंह गुर्जर, प्रदीप कुमार, उपेंद्र गुप्ता एवं क्षेत्र के अन्य प्रमुख राशन डीलर उपस्थित रहे।


