महुवा में पंचायती राज चुनाव का घमासान: जिला परिषद व पंचायत समिति के लिए जमकर पड़े वोट, 30 अक्टूबर को सरपंच पद के लिए होगी वोटिंग
महुवा में 67.55% तो मंडावर में 68.61% बंपर मतदान! खराब EVM बदली गई, SDM प्रेमराज मीणा ने परखीं व्यवस्थाएं,परिसीमन के विरोध में करनपुर व प्यार का नंगला में चुनाव का पूर्ण बहिष्कार: खाली बैठे रहे पोलिंग बूथ के कर्मचारी।
महुवा | पत्रकार अवधेश अवस्थी:
महुवा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को पंचायती राज आम चुनाव के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। महुवा पंचायत समिति के 15 वार्डों और जिला परिषद के 5 वार्डों के लिए स्थापित कुल 76 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। शाम 6 बजे तक चले मतदान में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया।
विभिन्न क्षेत्रों में दर्ज किया गया बंपर मतदान (शाम 6 बजे तक):
-
महुवा: 67.55%
-
मनोहरपुर खेड़ला: 68.14%
-
मंडावर: 68.61%
-
बैजूपाड़ा: 67.36%
दो गांवों में चुनाव का पूर्ण बहिष्कार: एक तरफ जहां वोटिंग को लेकर भारी उत्साह था, वहीं दूसरी ओर परिसीमन के विरोध में ग्राम करनपुर (पीपलखेड़ा) और प्यार का नंगला (शायपुर) के ग्रामीणों ने चुनाव का पूरी तरह बहिष्कार किया। ग्रामीणों का आरोप है कि राजनीतिक प्रभाव के कारण टोडाभीम विधानसभा के गांव करनपुर को नियम विरुद्ध महुवा के पीपलखेड़ा में जोड़ा गया है। ग्रामीणों के बहिष्कार के कारण पोलिंग बूथों पर चुनाव टीमें हाथ पर हाथ धरे बैठी रहीं।
EVM खराब होने पर तुरंत बदली गई: पीपलखेड़ा के बूथ नंबर 15 और पावटा में तकनीकी कारणों से कुछ समय के लिए ईवीएम (EVM) खराब होने से मतदान प्रभावित रहा। रिटर्निंग अधिकारी प्रेमराज मीना ने तत्परता दिखाते हुए खराब मशीनों को तुरंत बदलवाया और मतदान सुचारू रूप से शुरू कराया।
फर्जी मतदान पर कड़े निर्देश और प्रत्याशियों की मान-मनुहार: उपखंड अधिकारी व रिटर्निंग अधिकारी प्रेमराज मीना, डीएसपी अनूप सिंह, थानाधिकारी महेंद्र यादव तथा तहसीलदार पृथ्वीराज मीणा ने पीपलखेड़ा, बालाहेड़ी, समलेटी, पाडली और वीरपुर सहित कई संवेदनशील बूथों का जायजा लिया। एसडीएम ने फर्जी मतदान पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। दूसरी ओर, प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को रिझाने के लिए चाय, नाश्ते और मान-मनुहार के जरिए वोट मांगते नजर आए।
30 अक्टूबर को सरपंच चुनाव और 20 को होगी मतगणना: महुवा पंचायत समिति में प्रधान पद सामान्य श्रेणी के लिए आरक्षित है। क्षेत्र में 30 अक्टूबर को सरपंच पद के लिए मतदान होगा, जबकि 20 नवंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

