एक नवंबर को चौरीचौरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ:शहीद स्मारक के समीप भव्य पंडाल और मंच तैयार; रेलवे ओवरब्रिज 147-बी का लोकार्पण रहेगा प्रमुख आकर्षण
चौरीचौरा (शशि जायसवाल)
ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी धरती चौरीचौरा में आगामी एक नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शहीद स्मारक के समीप कार्यक्रम स्थल पर भव्य मंच और पंडाल का निर्माण कार्य जोरों पर है। मुख्यमंत्री के इस दौरे का मुख्य आकर्षण रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) संख्या 147-बी का बहुप्रतीक्षित लोकार्पण माना जा रहा है।
तैयारियां तेज, व्यापारियों को दिया जा रहा निमंत्रण
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी और क्षेत्रीय विधायक सरवन निषाद बाजारों में सक्रिय हैं और व्यापारियों व आम नागरिकों से संपर्क कर कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं।
आरओबी लोकार्पण से मिलेगी जाम से मुक्ति
चौरीचौरा-मुंडेरा बाजार क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज संख्या 147-बी के शुरू होने से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले भीषण जाम से बड़ी राहत मिलेगी। आवागमन सुगम होने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
पुल के मॉडल पर व्यापारियों की चिंताएं बरकरार
आयोजन की तैयारियों के बीच ओवरब्रिज के डिज़ाइन और मॉडल को लेकर स्थानीय व्यापारियों की नाराजगी का मुद्दा भी चर्चा में बना हुआ है। व्यापारियों का मानना है कि वर्तमान मॉडल से बाजार के कारोबार और आवागमन पर प्रभाव पड़ सकता है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को सीधे सरकार के समक्ष रखने का एक माध्यम बनेगा।
क्या चौरीचौरा को मिलेगा नया तोहफा?
क्षेत्रीय विधायक सरवन निषाद के बयानों के बाद क्षेत्रवासियों में चौरीचौरा के विकास से जुड़े नए ऐलानों को लेकर काफी उम्मीदें जग गई हैं। हालांकि, किसी नई परियोजना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन सभी की निगाहें एक नवंबर को होने वाले मुख्यमंत्री के संबोधन पर टिकी रहेंगी कि अमर बलिदानियों की इस पवित्र धरती को क्या-क्या सौगातें मिलती हैं।

