वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। राजगढ़-बांदीकुई रेल मार्ग पर माता जी का नाले के समीप गत रात्रि एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस और जीआरपी (रेलवे पुलिस) मौके पर पहुँची।
रात को स्टेशन मास्टर ने दी सूचना जीआरपी अलवर के हेड कांस्टेबल सरदार सिंह गुर्जर ने बताया कि गत रात्रि राजगढ़ रेलवे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। पुलिस ने रात में ही मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में लिया और शिनाख्तगी के लिए राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया।
बाजार से सामान लेने निकला था दीपांशु शुक्रवार को मृतक की शिनाख्त थानाराजाजी निवासी दीपांशु वर्मा (18) पुत्र भगवान सहाय के रूप में हुई। शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस संबंध में मृतक के पिता भगवान सहाय वर्मा ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को दीपांशु राजगढ़ बाजार से सामान लाने की बात कहकर घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी दौरान उन्हें ट्रेन हादसे की सूचना मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।


