पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला कर डंडों से पीटकर किया घायल पुलिस ने किया गिरफ्तार
अलवर (अनिल गुप्ता) राजगढ़ थाना क्षेत्र के सुरेर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ मारपीट करने के मामले मे एक जने सामने आया है। प्रकरण मे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण अनुसार पीड़ित ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने उसे घेरकर डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई।
पीड़ित हरीश सुलानिया पुत्र विश्राम मीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 30 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे अपनी स्कूटी से गोठ की चौकी स्थित जीएस पब्लिक स्कूल लाइब्रेरी से खाना खाने घर लौट रहा था। रास्ते में लीला दादा और छोटेलाल के मकान के पास आरोपी हरकेश मीना ने उसे रोक लिया।
बदले की भावना से दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित के अनुसार, आरोपी हरकेश मीना ने आते ही उस पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर डंडा लगने से वह सड़क पर गिर गया और बेहोश हो गया। आरोपियों ने उसे अधमरा होने तक पीटा ।हमले के पीछे का कारण खरखड़ा गांव की एक घटना बताई जा रही है। पीड़ित ने बताया कि खरखड़ा गांव में कुआं पूजन के दौरान हरकेश के चचेरे भाई जितेंद्र मीना उर्फ गोलू ने शराब पीकर बदतमीजी की थी।जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे वहां से भगा दिया था। इसी बात का बदला लेने के लिए हरकेश ने अपने भाई लोकेश कुमार मीना के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची। पीड़ित का आरोप है कि घटना के वक्त लोकेश कुमार मीना ने फोन पर अपने भाई को निर्देश दिए थे कि "हरीश अकेला है, इसे आज जान से मारना है, छोड़ना नहीं है।"
पीड़ित की शिकायत पर राजगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी हरकेश मीना और लोकेश कुमार मीना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 115(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया ।पुलिस ने हरकेश मीना पुत्र कैलाश मीनाको गिरफ्तार कर उपखण्ड अधिकारी के समक्ष पेश किया।


