विश्वकल्याण की कामना से महायज्ञ में आहुतियां,कान्हा द्वारा माखन चोरी प्रसंग की भावपूर्ण प्रस्तुति
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल) पुरूषोत्तम मास के पावन अवसर पर भगवान श्री हरि माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करने हेतु भीलवाड़ा में छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में पहली बार आयोजित सात दिवसीय 11 कुण्डीय श्री विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ का समापन रविवार को होगा। महायज्ञ के पांचवे दिन शुक्रवार को यज्ञवेदी में आहुतियों देकर विश्व कल्याण एवं प्राणी मात्र के सुखी रहने की कामना की गई। महायज्ञ में शामिल होने के लिए भीलवाड़ा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से यजमान पहुंचे थे। महायज्ञ के साथ श्री राधा रासेश्वरी रासलीला मण्डल श्रीवृन्दावनधाम मथुरा द्वारा भक्तिपूर्ण रासलीला की प्रस्तुति का दौर भी जारी है। महायज्ञ आयोजन के पांचवे दिन सुबह 8 बजे महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में यज्ञ मण्डप में श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री के निर्देशन में यज्ञ अनुष्ठान सम्पन्न हुए। प्रत्येक यज्ञ वेदी पर यजमानों के साथ लक्ष्मी स्वरूपा कन्या ने भी आहुति देकर सर्वत्र सुख एवं सर्वकल्याण की कामना से यज्ञ में आहुतियां दी। यज्ञाचार्य ने बताया कि प्रातःकालीन सत्र में सर्वप्रथम सभी यज्ञकर्ताओं को पवित्रीकरण से पवित्र कर पंचगव्य के प्राशनपूर्वक यज्ञमण्डप में प्रवेश कराया गया। सभी ने अपने-अपने मण्डप पर बैठकर कल्याणकारी दिव्य मंत्रों से हवन किया।
इसके बाद आरती,पुष्पांजलि ओर यज्ञ मण्डप की परिक्रमा के साथ आरती प्रसाद वितरण के साथ यज्ञ का विश्राम हुआ। महायज्ञ प्रतिदिन सुबह 8 से 12 बजे तक हो रहा है। महायज्ञ के तहत चौथे दिन गुरूवार रात आश्रम परिसर में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में श्री राधा रासेश्वरी रासलीला मण्डल श्रीवृन्दावनधाम मथुरा के कलाकारों द्वारा भक्तिपूर्ण रासलीला के तहत कृष्ण बाल लीला प्रसंग के महत माखन चोरी प्रसंग में सजीव प्रस्तुति ने श्रद्धालु भक्तों का मन जीत लिया। रासलीला के शुरू में विशिष्ट अतिथि भोपाल से पधारे शालिगराम महाराज, वृन्दावन से आए श्रीश्याम शरण महाराज, समाजसेवी मंजू पोखरना, बनवारीलाल कोगटा, सांवरमल जाट आदि ने ठाकुरजी की आरती की। मण्डल के दामोदरदास काठियाबाबा के निर्देशन में भगवान कृष्ण की गोपियों के घरों से माखनचोरी प्रसंग की प्रस्तुति दी गई। मण्डल के राजू स्वामी ने बताया कि रासलीला में भगवान कृष्ण के गोपियों के घर से माखन चोरी से परेशान होकर यशोदा से शिकायत करने आदि प्रसंगों का कान्हा के जयकारों के साथ सजीव मंचन किया गया। प्रस्तुति देने वाले दल में 16 कलाकार शामिल है। इस दौरान यशोदा,राधा,गोपी, जैसे महिला पात्रों के रूप में भी पुरूष कलाकार ने ही प्रस्तुति दी। रासलीला की प्रस्तुति प्रतिदिन रात 8 बजे से हो रही है। रासलीला देखने के लिए छोटी हरणी के साथ भीलवाड़ा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भी श्रद्धालु आ रहे है।


