जींदल शॉ को भूमि आवंटन का विरोध, पुर अस्पताल को CHC का दर्जा देने सहित 5 सूत्री मांगों को लेकर सेवादल कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Jun 12, 2026 - 19:20
 0
जींदल शॉ को भूमि आवंटन का विरोध, पुर अस्पताल को CHC का दर्जा देने सहित 5 सूत्री मांगों को लेकर सेवादल कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल)। सेवादल जिला कांग्रेस भीलवाड़ा के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पुर कस्बे और आसपास के ग्रामीणों को जींदल शॉ लिमिटेड से होने वाले नुकसान, बदहाल चिकित्सा व्यवस्था, खेल सुविधाओं की कमी और सुरक्षा संबंधी 5 प्रमुख मुद्दों को रेखांकित करते हुए तत्काल समाधान की मांग की गई है। सेवादल कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें उठाई हैं: जिसमे --

  • 1. जींदल शॉ लिमिटेड को भूमि आवंटन का पुरजोर विरोध

कार्यकर्ताओं ने यूआईटी (UIT) द्वारा जींदल शॉ लिमिटेड को की जा रही भूमि आवंटन प्रक्रिया पर कड़ा एतराज जताते हुए आधिकारिक आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन को अवगत कराया कि इस आवंटन से पुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा, जिससे स्थानीय पर्यावरण और जनजीवन प्रभावित होगा।

  • 2. कागजों में CHC बना अस्पताल, रात को लटकता है ताला

ज्ञापन में बताया गया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा पुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में क्रमोन्नत किया गया था। इसके बावजूद करीब 50 से 60 हजार की आबादी और आसपास के गांवों को आज तक CHC स्तर की सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। अस्पताल में रात्रिकालीन सेवाएं पूरी तरह ठप हैं और रात के समय ताला लटका रहने से मरीजों को भीलवाड़ा दौड़ना पड़ता है।

  • 3. पार्कों की बदहाली और नालों की सफाई न होने पर ठेकेदारों का पेमेंट रोकने की मांग

कस्बे के पार्कों की देखरेख न होने और मॉनसून के मुहाने पर नालों की सफाई न होने का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया गया। नालों में गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारियां फैलने का अंदेशा है। कार्यकर्ताओं ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों का भुगतान तुरंत रोकने की मांग की है।

  • 4. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने वाली शिव व्यायामशाला में शौचालय तक नहीं

पुर स्थित शिव व्यायामशाला खेल का एक ऐसा बड़ा केंद्र है, जहां के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 9, राष्ट्रीय स्तर पर 60 और राज्य स्तर पर 80 पदक जीतकर भीलवाड़ा का नाम दुनिया भर में रोशन किया है। यहाँ कुश्ती कोच कल्याण बिश्नोई द्वारा करीब 100 बालक-बालिकाओं को रोजाना नि:शुल्क कोचिंग दी जाती है। विडंबना यह है कि इतने प्रतिष्ठित केंद्र पर खिलाड़ियों के लिए शौचालय और आधुनिक जिम तक की सुविधा नहीं है, जिससे उन्हें भारी परेशानी होती है।

  • 5. मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित वाहनों पर लगाम के लिए स्पीड ब्रेकर की मांग

सदर बाजार से तेलियों की बाड़ी व बस स्टैंड तक बनी नई सड़क पर राजकीय व निजी विद्यालय, अस्पताल, सब्जी मंडी और मंदिर स्थित हैं। इस बेहद व्यस्त मार्ग पर वाहन चालक अत्यंत तीव्र और अनियंत्रित गति से वाहन चलाते हैं। जन सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर तुरंत गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) लगाने की मांग की गई है।

ज्ञापन देने वाले प्रमुख कार्यकर्ता: जनहित की इन सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग को लेकर सेवादल कार्यकर्ता योगेश सोनी, कुंदन शर्मा, महावीर व्यास, श्यामलाल पाराशर, पुलकित ट्रेलर, भेरूलाल सेन, भंवर बिश्नोई और रतन लाल तेली सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................