भरतपुर: बयाना नगर पालिका की बैठक में हाईवोल्टेज ड्रामा, विधायक से भिड़ीं EO, बोलीं- 'तूने कैसे बोला, वो मेरी फैमिली है'

Jun 13, 2026 - 13:43
 0
भरतपुर: बयाना नगर पालिका की बैठक में हाईवोल्टेज ड्रामा, विधायक से भिड़ीं EO, बोलीं- 'तूने कैसे बोला, वो मेरी फैमिली है'

भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना नगर पालिका कार्यालय में शुक्रवार को उस समय प्रशासनिक मर्यादाएं तार-तार हो गईं, जब एक आधिकारिक बैठक के दौरान स्थानीय निर्दलीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत और नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी (EO) अनीता कुशवाहा के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच "तू-तड़ाक" शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पूर्व पार्षदों और लोगों ने बीच-बचाव कर जैसे-तैसे मामले को शांत कराया।

  • अधिकारियों की बैठक में भतीजे की 'एंट्री' पर भड़की चिंगारी

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे विधायक डॉ. ऋतु बनावत नगर पालिका के कामकाज की समीक्षा और जनसमस्याओं को लेकर अधिकारियों की बैठक लेने पहुँची थीं। बैठक शांतिपूर्ण चल रही थी कि तभी वहां मौजूद लोगों के बीच बैठे अधिशाषी अधिकारी  के भतीजे नितिन कुशवाहा ने टोकते हुए कहा, "यहां अच्छे कामों की कोई तारीफ नहीं करता।"

एक आधिकारिक बैठक में बाहरी व्यक्ति के इस तरह हस्तक्षेप करने पर विधायक ने पूछा, "आप कौन हैं?" इस पर नितिन ने जवाब दिया, "मैं जनता हूं, सब बोल रहे हैं तो मैं भी बोल रहा हूं।" विधायक ऋतु बनावत ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा, "आप चुप रहिए और बीच में मत बोलिए। यहां अधिकारियों की बैठक चल रही है और मीटिंग अनुशासन में होगी।"

तूने उसे बाहर निकालने के लिए कैसे बोल दिया, वो मेरी फैमिली है...
अपने भतीजे को टोकते ही बैठक में मौजूद अधिशाषी अधिकारी  अनीता कुशवाहा अपना आपा खो बैठीं। उन्होंने सीधे विधायक पर चिल्लाते हुए कहा— "वो जनता है, उनको कैसे निकालने के लिए बोल दिया तूने, वो मेरी फैमिली है।" जवाब में विधायक ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि "बैठक में इस तरह की बदतमीजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई।

  •  सफाई टेंडर में 'कमीशनखोरी' का आरोप, विधायक ने दिए जांच के आदेश

इस हाईवोल्टेज ड्रामे से पहले विधायक ने जब नगर पालिका की फाइलों को खंगाला, तो एक बड़ा घालमेल सामने आया। बयाना कस्बे की सफाई का ठेका बार-बार घूम-फिरकर एक ही कंपनी को दिया जा रहा था।

जब विधायक ने इस पर अधिशाषी अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। इस पर नाराजगी जताते हुए विधायक ने सीधे पूछा, *"आखिर बार-बार ऐसा क्यों हो रहा है? क्या इसमें कोई कमीशन का मामला है?"* विधायक ने इस पूरे सफाई टेंडर प्रक्रिया की उच्च स्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

  •  2 महीने पहले सरकारी AC चोरी, पर नहीं हुई FIR

बैठक में नगर पालिका की एक और बड़ी लापरवाही उजागर हुई। सरकारी अस्पताल के सामने बने सुलभ कॉम्प्लेक्स से करीब 2 महीने पहले एयर कंडीशनर (AC) चोरी हो गया था। जब विधायक ने पूछा कि इस मामले में क्या कार्रवाई हुई, तो अधिशाषी अधिकारी ने हमेशा की तरह 'जांच करवाने' की बात कही।

इस पर विधायक ने उन्हें लताड़ते हुए कहा कि "2 महीने बीत जाने के बाद भी नगर पालिका की तरफ से पुलिस में FIR तक दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में चोरों के हौसले तो बुलंद होंगे ही। आखिर सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर इतनी ढिलाई क्यों?"

  •  प्रशासनिक हलकों में चर्चा गर्म, कार्रवाई की तैयारी

यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली, जिसमें पूर्व पार्षदों और पालिका के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। एक जनप्रतिनिधि के साथ लोकसेवक द्वारा सरेआम "तू-तड़ाक" की भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों की मानें तो विधायक इस मामले को विधानसभा की विशेषाधिकार हनन समिति के समक्ष ले जा सकती हैं, वहीं अधिशाषी अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए स्वायत्त शासन विभाग (DLB) को भी पत्र लिखा जा रहा है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................