भटकाव से राहत तकः शिविर में मिला मकान का पट्टा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जनकल्याणकारी अभियान के तहत आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ने ग्राम पंचायत निभेरा निवासी राजू पुत्र रामप्रसाद के जीवन में खुशियों की नई सौगात दी है। वर्षों से अपने मकान की भूमि का पट्टा प्राप्त करने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर काट रहे राजू को अब शिविर के माध्यम से राहत मिल गई है।
राजू ने बताया कि ग्राम पंचायत निभेरा की आबादी भूमि पर बने उनके मकान का पट्टा नियम 157 के अंतर्गत प्राप्त करने के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत थे, लेकिन आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियागत कठिनाइयों के कारण उनका कार्य लंबित चल रहा था। इससे उन्हें कई अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही थी।
ग्रामीण सेवा शिविर 2026 की जानकारी मिलने पर उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों से संपर्क किया। शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी विष्णु बंसल के निर्देशन तथा सहायक विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में ग्राम विकास अधिकारी द्वारा मौके पर ही उनके मकान का पट्टा तैयार कर प्रदान किया गया।
पट्टा मिलने के बाद राजू की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए कई वर्षों से देखा गया सपना था, जो अब साकार हो गया है। पट्टा मिलने से अब उन्हें अपने मकान का वैधानिक स्वामित्व प्राप्त हो गया है तथा वे इसके आधार पर बैंक से ऋण लेकर अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बना सकेंगे।
राजू ने इस महत्वपूर्ण सहायता के लिए राजस्थान सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनकल्याण शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं। ग्रामीण सेवा शिविर ने उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार किया है।


