एक परिवार–तीन देव वृक्ष का संकल्प, पक्षी, चींटी नगरा भंडारा आयोजित
नारायणपुर (अलवर) पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में श्री कृष्णा शिक्षा एवं ग्रामीण विकास समिति द्वारा “पर्यावरण महायज्ञ” अभियान के अंतर्गत पुरुषोत्तम मास की सोमवती अमावस्या को धामेंडा धाम में एक परिवार–तीन देव वृक्ष लगाने का प्रेरणादायी आह्वान किया गया। इस अवसर पर पक्षी व चींटी नगरा भंडारे का आयोजन कर प्रकृति के साथ-साथ सूक्ष्म जीवों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सात देव वृक्ष 2 बरगद, 1 पीपल, 2 गूलर, 1 करंज, 1 जामून के पौधारोपण के साथ हुआ। समिति पदाधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों ने देव वृक्षों का रोपण एवं संरक्षण करने का संकल्प लिया। वहीं पक्षियों के लिए सप्तधान्य अनाज कीर नगरों एवं चींटियों के बिलों के समीप सप्तधान्य अन्न, घी, खोपरा एवं खाण्ड के मिश्रण से तैयार भोजन अर्पित कर चींटी नगरा भंडारा किया गया। सचिव सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते वन क्षेत्र मानव अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे समय में यदि प्रत्येक परिवार तीन देव वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बरगद, पीपल और गूलर केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि ये वृक्ष जैव विविधता, ऑक्सीजन उत्पादन एवं पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सामाजिक कार्यकर्ता राकेश दायमा ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से पीर संज्यानाथजी महाराज की पावन तपोस्थली धामेंडा धाम में निरंतर पौधारोपण एवं हरित विकास के कार्य कर रही है। संस्था द्वारा लगाए गए हजारों पौधे आज विशाल वृक्ष बनकर हरियाली, छाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण महायज्ञ अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना है। उपाध्यक्ष भोमराज शर्मा ने कहा कि प्रकृति के प्रत्येक जीव का अपना महत्व है। छोटी चींटी से लेकर विशाल हाथी तक सभी जीव-जंतु पर्यावरणीय संतुलन की श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। चींटी नगरा भंडारे के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि जीव संरक्षण भी पर्यावरण संरक्षण का अभिन्न अंग है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ तथा अन्य शुभ अवसरों पर देव वृक्ष लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अधिकाधिक वृक्षारोपण कर क्षेत्र को हरा-भरा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। एक परिवार–तीन देव वृक्ष का संदेश कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष भोमराज शर्मा, सचिव सुनील कुमार शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता राकेश दायमा, अध्यापक मेघराज सैनी, अध्यापक लक्ष्मीकांत स्वामी गूगनसिंह शेखावत, एडवोकेट राजेश यादव, सुशीला शर्मा, डॉ भीमसिंह जाट, रामनिवास गुर्जर, अशोक कुमार सैनी, सरदारा राम सैन, मनोज सैनी, महेंद्र कुमार सहित आदि लोग मौजूद थे।


