खेती में तकनीक का तड़का: रामगढ़ में किसानों को सिखाए बढ़ी पैदावार के गुर
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)। कृषि विभाग की आत्मा योजना के तहत सोमवार को ग्राम रामगढ़ में एक दिवसीय खरीफ कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गोपीचंद मीणा मौजूद रहे। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर खेती करने तथा सरकार की कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि विभाग के सहायक निदेशक डॉ. प्रकाश चंद ने किसानों को खरीफ सीजन की प्रमुख फसलों की उन्नत किस्मों, बीज उपचार, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा परीक्षण तथा जल जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों के प्रयोग से उत्पादन लागत कम कर आय में वृद्धि की जा सकती है।
कार्यक्रम में किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। अधिकारियों ने फसल प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी देकर किसानों को जागरूक किया।
इस अवसर पर कृषि अधिकारी पप्पू लाल मीणा, जीतराम चौधरी, सहायक कृषि अधिकारी अनिल तिवारी, भंवर लाल मीणा, सीताराम मीणा, मुकेश प्रजापत सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


