संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया ने किया ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण
पात्रजनों को शिविर में मौके पर मिले योजनाओं का लाभ-संभागीय आयुक्त
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया ने बुधवार को सेवर पंचायत समिति के ग्राम पंचायत लुधावई में ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही जनकल्याणकारी सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित 28 पात्रजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं शिविर में दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। ऐसे में अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र लाभार्थी को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से पात्रजनों को योजनाओं के स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। संभागीय आयुक्त ने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को जनहित के कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने शिविर में एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिलने पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर विकास अधिकारी विनय मित्र संबंधित विभागों के जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


