अलवर में दर्दनाक सड़क हादसा: लिफ्ट लेकर अस्पताल जा रही महिला को ट्रक ने कुचला,ज्यादा खून बहने से मौत

Nov 16, 2026 - 19:04
 0
अलवर में दर्दनाक सड़क हादसा: लिफ्ट लेकर अस्पताल जा रही महिला को ट्रक ने कुचला,ज्यादा खून बहने से मौत

अलवर / राजस्थान। अलवर शहर के 200 फीट रोड पर सोमवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक पर सवार होकर अस्पताल जा रही महिला की मौत हो गई। पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे महिला उछलकर सड़क पर गिर गई और ट्रक का टायर उसकी कमर व दोनों पैरों को रौंदते हुए निकल गया। अत्यधिक खून बहने के कारण अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

लिफ्ट लेकर जिला अस्पताल जा रही थी महिला

मृतका के पति लक्ष्मण ने रोते हुए बताया कि उनकी 32 वर्षीय पत्नी शिमला को पिछले कुछ दिनों से सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। सोमवार को वह अपने घर (60 फीट रोड) से जिला अस्पताल दिखाने के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में उसने एक बाइक सवार से लिफ्ट ली थी। जैसे ही उनकी बाइक 200 फीट रोड पर नमन होटल के पास पहुँची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

कमर से नीचे का हिस्सा बुरी तरह हुआ क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी भयानक थी कि शिमला बाइक से उछलकर सीधे सड़क पर जा गिरी और उसके ऊपर से ट्रक गुजर गया। इस भीषण हादसे में महिला का कमर से नीचे का हिस्सा और दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर भारी मात्रा में खून बह गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

परिवार में पसरा मातम

इस अचानक हुए हादसे से मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका के परिवार में उसके पति लक्ष्मण और 14 साल का एक बेटा है। पति लक्ष्मण स्कूल बस चालक के रूप में कार्य करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................