दौसा में पेट्रोल चोरों का आतंक: थार कार सवार टंकी फुल करवाकर बिना पैसे दिए फरार, सेल्समैन ने की पीछा करने की कोशिश
दौसा: जिले में पेट्रोल पंप चालकों और कर्मचारियों के साथ धोखाधड़ी और बिना भुगतान के फरार होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिकंदरा थाना क्षेत्र के जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर रेटा गांव स्थित राहुल फिलिंग स्टेशन का है, जहां शुक्रवार शाम एक थार कार सवार बदमाश 3740 रुपए का डीजल भरवाने के बाद बिना पैसे दिए चकमा देकर फरार हो गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
ऑनलाइन भुगतान के नाम पर किया गुमराह पंप संचालक राजेश कुमार ने बताया कि थार गाड़ी के ड्राइवर ने पहले डीजल भरवाया और फिर ऑनलाइन भुगतान को लेकर काफी देर तक कर्मचारियों को गुमराह करता रहा। सेल्समैन द्वारा बार-बार पैसों के लिए कहने पर ड्राइवर यह कहता रहा कि वह अपने परिजनों से ऑनलाइन भुगतान करवा रहा है।
चकमा देकर रफूचक्कर हुआ थार सवार इसी दौरान पीछे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली डीजल डलवाने के लिए आ गई, जिसके बाद थार ड्राइवर को गाड़ी आगे बढ़ाने के लिए कहा गया। इसी मौके का फायदा उठाकर चालक चकमा देकर बिना भुगतान किए गाड़ी भगा ले गया। पंप पर मौजूद सेल्समैन ने दूसरी कार से उसका पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार थार का कोई सुराग नहीं लगा। सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना इंचार्ज सुरेंद्र सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
एक महीने में दूसरी ऐसी वारदात गौरतलब है कि हाईवे पर इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 5 जुलाई को भी नेशनल हाईवे पर कांदोली स्थित एक पेट्रोल पंप से कार सवार बदमाश 4 हजार रुपए का पेट्रोल भराकर फरार हो गए थे, जिन्हें रोकने के प्रयास में पंप का सेल्समैन भी चोटिल हो गया था। पुलिस अब दोनों मामलों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

