विद्यार्थियों ने अभिभावकों को लिखी मतदान जागरूकता पाती, 100% मतदान का दिया संदेश
वैर (कौशलेंद्र दत्तात्रेय). नगर पालिका वैर में आगामी 11 सितंबर 2026 को होने वाले मतदान को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वैर में विशेष जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के लगभग 1200 विद्यार्थियों ने अपने-अपने अभिभावकों के नाम मतदान जागरूकता पाती लिखकर उन्हें लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं सृजनात्मक ढंग से पोस्टकार्ड तैयार किए तथा उन पर अपने विचारों और संदेशों के माध्यम से माता-पिता एवं परिवार के पात्र सदस्यों से अनिवार्य रूप से मतदान करने का आग्रह किया। विद्यार्थियों ने अपनी पातियों में अभिभावकों से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण प्रयोग करने की अपील की।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने परिवारों तक यह संदेश पहुँचाया कि प्रत्येक मत लोकतंत्र की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से स्वयं मतदान करने के साथ-साथ आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों की इस रचनात्मक पहल को मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी का प्रभावी उदाहरण बताया गया। विद्यार्थियों ने पोस्टकार्ड के माध्यम से अपने माता-पिता को मतदान के लिए प्रेरित करते हुए 100% मतदान का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से परिवारों तक मतदान का संदेश पहुँचाना जागरूकता का एक प्रभावी माध्यम है। बच्चों द्वारा अपने अभिभावकों को लिखी गई पाती न केवल उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करेगी, बल्कि उनमें लोकतंत्र, नागरिक कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करेगी।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश यह रहा
“हर मत है लोकतंत्र की ताकत, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएँ।”

