गोरखपुर में नेपाल से चरस तस्करी का खुलासा, 40 लाख की खेप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
चौरीचौरा, (गोरखपुर/शशि जायसवाल) । नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौरीचौरा पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त कार्रवाई में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से करीब 13 किलो चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि देवरिया की ओर से बाइक सवार दो युवक भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर गोरखपुर की तरफ आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने चौरीचौरा क्षेत्र में बदुरहिया चौराहा और निबियहवा रेलवे ओवरब्रिज के बीच निगरानी और वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से 13 किलो 85 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तस्करी में प्रयुक्त बाइक, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और 1385 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत विश्वकर्मा, निवासी देवरिया और किशन मदेशिया, निवासी देवरिया के रूप में हुई है।
नेपाल से लाकर करते थे सप्लाई
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि दोनों आपस में दोस्त हैं और काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी के काम में जुड़े हुए थे। वे नेपाल से चरस लाकर देवरिया और गोरखपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे।
पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, चरस उपलब्ध कराने वालों और खरीददारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।इस संबंध में चौरीचौरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी अलग-अलग थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में एंटी थेफ्ट सेल, के निरीक्षक सुनील कुमार राय, ANTF प्रभारी रमेश राम, चौरीचौरा के एसआई ओमप्रकाश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

