आशा भोंसले के जन्मदिन पर गोरखपुर में सजी सुरों की महफिल, गीतों के जरिए दी गई संगीतमय श्रद्धांजलि
गोरखपुर (शशि जायसवाल) हिंदी सिनेमा की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोंसले के जन्मदिन के अवसर पर गोरखपुर में एक विशेष संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कराओके क्लब के तत्वावधान में आयोजित “आशा भोंसले फॉरएवर” कार्यक्रम में शहर के गायकों और कलाकारों ने उनके लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें याद किया।
यह आयोजन सिटी मॉल स्थित करी ऑन रेस्टोरेंट एंड स्काई लाउंज के बैंक्वेट हॉल में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और आशा भोंसले के चित्र पर माल्यार्पण के साथ की गई। मुख्य अतिथि डीडीयू के अंग्रेजी विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद क्लब के सदस्यों ने भी महान गायिका के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनुराग सुमन और डॉ. दीप्ति अनुराग ने किया।
हर महीने मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे कराओके सिंगर्स
कराओके क्लब की अध्यक्ष डॉ. दीप्ति अनुराग ने बताया कि “आशा भोंसले फॉरएवर” के साथ गोरखपुर के पहले आधिकारिक कराओके क्लब की शुरुआत की जा रही है। क्लब के माध्यम से शहर के कराओके सिंगर्स को नियमित मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जहां वे प्रत्येक महीने अपनी गायन प्रतिभा प्रस्तुत कर सकेंगे।मुख्य अतिथि प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने अपने संबोधन में आशा भोंसले के संगीत योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके गीत आज भी लोगों को ऊर्जा और आनंद से भर देते हैं। उन्होंने कराओके क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए आयोजकों और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद डीपी हीरो के डायरेक्टर नितिन मातनहेलिया ने भी सभी प्रतिभागी कलाकारों को बधाई दी।
- नन्हे कलाकार अनमोल ने पियानो से की शुरुआत
कार्यक्रम की खास शुरुआत क्लब के सबसे कम उम्र के सदस्य अनमोल ने की। उन्होंने पियानो पर आशा भोंसले से जुड़े लोकप्रिय गीतों की धुनें प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार शुरुआत दी।
इसके बाद अनुराग सुमन और डॉ. दीप्ति अनुराग ने आशा भोंसले के चुलबुले युगल गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में आर्नव ने “दीवाना हुआ बादल” और “ओ साथी रे” जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं रवि मित्तल, आर्यन, प्रशांत मिश्रा, रितिका श्रीवास्तव, चंद्रेश, अन्नू निषाद, तान्या श्रीवास्तव, पूजा गुप्ता, कुसुम यादव और अभिषेक पाठक सहित कई कलाकारों ने आशा भोंसले के लोकप्रिय गीत गाकर माहौल को सुरमय बना दिया।
करीब दो घंटे तक चले इस संगीत समारोह में शहर के अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में अमित ठाकुर, डीआईजी एसएसबी सहित अन्य अतिथियों और संगीत प्रेमियों की उपस्थिति रही।
आयोजन को सफल बनाने में करी ऑन के संचालक नवीन रंजन श्रीवास्तव, होटल के जीएम मयंक श्रीवास्तव, मैनेजर सूरज सिंह और वरिष्ठ रंगकर्मी बेचन सिंह पटेल समेत अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।संगीत और यादों से सजे इस आयोजन में कलाकारों ने एक स्वर में आशा भोंसले के हिंदी फिल्म संगीत में दिए गए लंबे और यादगार योगदान को नमन किया।

