रेलवे फाटक-93 दो दिन से बंद, ट्रैक मेंटेनेंस से थमी शहर की रफ्तार, ROB निर्माण में देरी पर फूटा गुस्सा
खैरथल (हीरालाल भूरानी) शहर की जीवनरेखा माने जाने वाले रेलवे फाटक नंबर-93 को रविवार सुबह नौ बजे से ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के चलते बंद कर दिया गया जो रातभर बंद रहा ।तथा सोमवार को भी मैंटेनिस कार्य होने से यह फाटक बंद होने से शहर के दोनों हिस्सों के बीच आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्गों से लंबा चक्कर लगाकर गुजरना पड़ रहा है।
यह पिछले 41 दिनों में चौथी बार है, जब फाटक को मेंटेनेंस कार्य के लिए बंद किया गया है। इससे पहले 17 जून, 21 जून और 29 जून को भी फाटक बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। फाटक बंद होने का सबसे अधिक असर व्यापारियों, अनाज मंडी आने वाले किसानों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि हर कुछ दिनों में फाटक बंद होने से समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है, जबकि आपातकालीन सेवाओं को भी प्रभावित होना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि लंबे समय से आरओबी की घोषणा और स्वीकृति की बातें हो रही है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से शहरवासियों को बार-बार जाम और असुविधा झेलनी पड़ रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक की सुरक्षा और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए मेंटेनेंस कार्य आवश्यक है। इसलिए निर्धारित अवधि तक फाटक बंद रखा गया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि आरओबी निर्माण कार्य में तेजी लाकर रेलवे फाटक-93 पर बार-बार होने वाली यातायात बाधा का स्थायी समाधान किया जाए।

