सृजक संस्थान की 3 माह से जारी प्याऊ का शरबत वितरण के साथ समापन
अलवर (कमलेश जैन) शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक व साहित्यिक संस्था 'सृजक' द्वारा पिछले तीन महीनों से चलाई जा रही नि:शुल्क जल सेवा (प्याऊ) का समापन रविवार को हुआ। भारत सिनेमा के सामने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे संचालित इस प्याऊ का समापन श्री जगन्नाथ जी की रथ वापसी के पावन अवसर पर सैकड़ों राहगीरों को ठंडा एवं मीठा शरबत पिलाकर किया गया।
सृजक संस्थान के सचिव रामचरण 'राग' ने जानकारी देते हुए बताया कि भीषण गर्मी के मौसम में आमजन और राहगीरों को राहत पहुँचाने के उद्देश्य से संस्था द्वारा यह प्याऊ शुरू की गई थी, जिसने सफलतापूर्वक अपने तीन माह पूरे किए। रथ वापसी के शुभ अवसर पर संस्था के सदस्यों और पदाधिकारियों ने स्वयं अपने हाथों से राहगीरों को शरबत वितरित कर सेवा का भाव प्रकट किया।
इस पुनीत और सामाजिक कार्य में संस्था के संरक्षक भरत सिंह अहरोदिया, अध्यक्ष सरदार अमरीक सिंह 'अदब', उपाध्यक्ष श्रीमती रेणु मिश्रा, सचिव रामचरण 'राग' एवं सहसचिव कुलदीप सिंह अहरोदिया मौजूद रहे।
इसके अलावा कार्यक्रम में राधेश्याम शर्मा, वरिष्ठ कवि प्रदीप माथुर, शिक्षाविद मंजू शर्मा, गोविन्द गुप्ता, प्रदीप सैनी, हरि नारायण, प्रसिद्ध समाजसेवी अशोक आहूजा, किशन लाल खैरालिया, बाँसुरी वादक सुभाष नकड़ा, वीरेश यादव और कार्तिकेय आहूजा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर सेवा कार्य में अपना सहयोग दिया।

