ऊंट तस्करी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, गोविंदगढ़ थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई; दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया
अलवर जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत, गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने ऊंट तस्करी के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अनीष (41 साल) पुत्र रहमत जाति मेव, निवासी- सिरोली कलां, थाना शेखपुर अहीर, जिला खैरथल-तिजारा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. प्रियंका रघुवंशी एवं वृताधिकारी लक्ष्मणगढ़ कैलाश जिन्दल के सुपरविजन में थानाधिकारी धर्मसिंह (पु.नि.) के नेतृत्व वाली टीम द्वारा अंजाम दी गई।
घटना 17 मार्च 2026 की है, जब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पिकअप के जरिए ऊंट तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर चैनल संख्या 87.9 पर पिकअप को जब्त किया था। तलाशी के दौरान गाड़ी में एक ऊंट अत्यंत निर्दयतापूर्वक भरा हुआ पाया गया। उस समय आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे थे, घटना के बाद अज्ञात तस्करों के खिलाफ राजस्थान ऊंट (वध का प्रतिषेध और अस्थाई प्रव्रजन या निर्यात का विनियमन) अधिनियम 2015 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। जांच और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी अनीष से गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य साथियों और ऊंटों की खरीद-फरोख्त के ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि गिरोह का पूरी तरह भंडाफोड़ किया जा सके।


