सतर्कता समिति में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें; आमजन को नहीं लौटाएं निराश-जिला कलक्टर
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला स्तरीय जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति की बैठक सोमवार को जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार सुनवाई करते हुए अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों की जनसमस्याओं की भी सुनवाई कर कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
जिला कलक्टर ने कहा कि सतर्कता समिति में दर्ज प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या लेकर प्रशासन के पास उम्मीद के साथ आता है, इसलिए उसे निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए। पात्र व्यक्तियों को विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय नियमों एवं मापदंडों के अंतर्गत आने वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। किसी भी प्रकरण को तभी निस्तारित माना जाएगा, जब उसका अंतिम समाधान हो जाए। साथ ही संबंधित विभाग परिवादी को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराएं। उन्होंने बिजली, पेयजल, चिकित्सा, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय सतर्कता समिति में दर्ज 8 प्रकरणों में से 2 का मौके पर ही निराकरण किया गया। समिति द्वारा औडेलगद्दी निवासी राजकुमार के सिवाचक भूमि की पैमाइश कर उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि आवंटन संबंधी प्रकरण में उपखंड अधिकारी बयाना को तीन दिवस में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बयाना के बरखेड़ा निवासी दीघा पुत्र रेवती के पैतृक भूमि में नाम शुद्धिकरण संबंधी प्रकरण का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
वीरवती के दिव्यांग प्रमाण पत्र का डिजिटलीकरण कर सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रारंभ कराने के मामले में चिकित्सा एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को मौके पर आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कराकर पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए। आमजनता ग्राम खेड़िया द्वारा दिए गए आवेदन में उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि आवंटन पंचायतीराज विभाग की आवासीय क्षेत्र में आवंटन की कार्यवाही कर कार्य शुरू करने के लिए एक माह का समय दिया गया। ग्राम गादौली निवासी गीता पत्नी स्वर्गीय जगवीर को पालनहार योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ दिलाते हुए उनके प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुलसिंह, डीएफओ चेतन कुमार वीबी, अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन राजीव शर्मा, सहायक निदेशक लोकसेवाएँ भारती भारद्वाज, आयुक्त नगर निगम श्रवण विश्नोई, जिला स्तरीय अधिकारी, समिति के मनोनीत सदस्य हंसिका गुर्जर, अनामिका चौधरी, दीपासिंह प्रधान, नरेश कुमार जाटव, तेजवीरसिंह, नन्ने खान सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

