मुख्यमंत्री के भरतपुर दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में... गृह राज्य मंत्री और जिला कलक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित एक दिवसीय भरतपुर दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दौरे की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म ने सोमवार को उपखंड वैर स्थित बालिका सैनिक स्कूल, खेड़ली गुर्जर पहुंचकर अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गृह राज्य मंत्री बेड़म ने कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी, मोबाइल टॉयलेट, पार्किंग व्यवस्था एवं सभा स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं समय पर एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन राजीव शर्मा, उपखंड अधिकारी सचिन यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लुधावई स्थित हनुमान मन्दिर में पहुंचकर जिला कलक्टर कमर चौधरी ने पुलिस अधिकारियों के साथ स्थानीय कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सीईओ जिला परिषद मृदुलसिंह, अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी एवं उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता उपस्थित रहे।

