राजकीय महाविद्यालय मकराना की शैक्षणिक गतिविधियां शीघ्र प्रारंभ करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। राजकीय महाविद्यालय मकराना की नियमित कक्षाएं और शैक्षणिक गतिविधियां शीघ्र प्रारंभ करवाने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के स्थाई समाधान की मांग को लेकर छात्र नेताओं और विद्यार्थियों ने मंगलवार को प्राचार्य / नोडल अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में अवगत कराया गया कि राजकीय महाविद्यालय मकराना लंबे समय से अपने स्थाई भवन एवं भूमि से वंचित रहा है। पूर्व में यह कॉलेज एक सरकारी विद्यालय के मात्र 4 कमरों में संचालित हो रहा था, लेकिन वर्ष 2025 के अंत में भारी वर्षा के चलते सुरक्षा कारणों के मद्देनजर कॉलेज को वहां से हटाना पड़ा, जिससे नियमित पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो गई। इसके बाद करीब 6 महीने तक कॉलेज बंद रहा। विद्यार्थियों ने बताया कि बाद में उन्हें मंगलाना महाविद्यालय में आने के लिए कहा गया, जो मकराना से लगभग 15 किलोमीटर दूर है। इतनी दूरी होने के कारण छात्रों को प्रतिदिन आने-जाने में ₹100 तक का अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है। ग्रामीण, गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना बेहद कठिन साबित हो रहा है। हालांकि, विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए कॉलेज को बोरावड़ क्षेत्र में संचालित करने की व्यवस्था की गई थी, जिससे छात्रों को उम्मीद बंधी थी, लेकिन वर्तमान में वहां भी नियमित रूप से कक्षाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। कॉलेज बंद रहने और शैक्षणिक सत्र के प्रभावित होने के कारण करीब 450 से अधिक पुराने और नए प्रवेशित विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है और उनमें चिंता व निराशा का माहौल है। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि मकराना महाविद्यालय की नियमित कक्षाएं शीघ्र प्रारंभ की जाएं, विद्यार्थियों के हित में स्थाई व सुरक्षित समाधान सुनिश्चित किया जाए और ग्रामीण व गरीब क्षेत्र के छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए। इस दौरान युवा कांग्रेस मकराना के ब्लॉक अध्यक्ष उम्मीदवार व छात्र नेता फैजान चौहान, एन एस यु आई जिला महासचिव (डीडवाना-कुचामन) तथा युवा नेता मोहसिन खान खिलजी, फरहीन खान, मोहम्मद आसिफ, जितेंद्र लड़ना, नरपत, कमल मेघवाल, समीर खान, आवेश रजा, जुनैद खान, साहिल खान, आमिर खान, सुरेश कुमार, धर्मेंद्र, पूनम चंद, कबीर खान, ललित, मोहम्मद रमजान सहित बड़ी संख्या में छात्र और विद्यार्थी मौजूद रहे।


