राजकीय जनाना चिकित्सालय में नवीन प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का शुभारंभ; सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की उपलब्धता से आमजन को मिलेगा लाभ
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) आमजन को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को भरतपुर के राजकीय जनाना चिकित्सालय परिसर स्थित उपभोक्ता भंडार में नवीन प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया।
केंद्र का उद्घाटन अतिरिक्त रजिस्ट्रार, भरतपुर खंड दीपक बेरवाल तथा क्षेत्रीय अंकेक्षण अधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना का उद्देश्य आमजन को उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाइयाँ अत्यंत रियायती दरों पर उपलब्ध कराना है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्रों के विस्तार से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को उपचार पर होने वाले खर्च में राहत मिलेगी तथा गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ सहजता से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने केंद्र के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएँ देते हुए आमजन से जन औषधि केंद्रों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सहकारिता उप रजिस्ट्रार शचींद्र चतुर्वेदी, विशेष लेखा परीक्षा रामनिवास मीणा, कोऑपरेटिव बैंक के अधिशासी अधिकारी अनिल बेरवा, उपभोक्ता भंडार के महाप्रबंधक कुलदीप सोलंकी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

