नगर पालिका चुनाव से पहले भाजपा ने कसी संगठनात्मक कमान, बूथ से शक्ति केंद्र तक तैयारियों पर मंथन
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार नगर भाजपा मंडल जहाजपुर की मासिक बैठक रविवार को विधायक गोपीचंद मीणा के आतिथ्य एवं मंडल पालक विशाल गुरुजी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समरसता संकल्प अभियान, रथ यात्रा एवं छात्रावास संपर्क अभियान की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी नगर पालिका चुनावों को देखते हुए बूथ संरचना को मजबूत करने, शक्ति केंद्रों को सक्रिय बनाने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
विधायक गोपीचंद मीणा ने कार्यकर्ताओं से संगठन की योजनाओं को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। मंडल पालक विशाल गुरुजी ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समन्वय से ही संभव है। बैठक में मंडल अध्यक्ष महेंद्र खटीक, प्रमेन्द्र सुवालका, शंकर नागोरी, कमल गौड़, परमेश्वर सुथार, पवन वैष्णव, पार्षद दीपक मीणा, पंकज गारु, अनिल टेपन, लोकेश रेगर सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

