सरिस्का अभयारण्य क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता)। अलवर जिले के सरिस्का अभयारण्य वन क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर में सावन माह के दौरान भगवान शिव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को मंदिर परिसर में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंची।
मान्यता है कि मंदिर में स्थापित भगवान शिव का प्राचीन शिवलिंग नीलम पत्थर से निर्मित है, जिसके कारण इस मंदिर का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व और भी बढ़ जाता है। सावन मास में दूर-दराज़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजा-अर्चना करते हैं।
मंदिर की ऐतिहासिक धरोहर एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुरातत्व विभाग द्वारा निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ अन्य सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई है।
रविवार को ओम शांति संस्थान से जुड़े महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भी नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन, जलाभिषेक एवं विशेष अनुष्ठान किया तथा प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

